टीकमगढ़: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ ज़िले में एक भाजपा नेता को 15 साल की लड़की से बलात्कार के मामले में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना उनके होटल में हुई थी। सोमवार को हुई इस गिरफ्तारी में नेता पर आरोप है कि उन्होंने दो आरोपियों को अपने होटल में पनाह दी थी। इन्हीं आरोपियों ने पिछले साल नाबालिग लड़की का अपहरण कर होटल में ही यौन उत्पीड़न किया था।
नाबालिग लड़की से बलात्कार के मामले में भाजपा नेता गिरफ्तार।
पार्टी से निष्कासित हुआ नेता
भाजपा की जिला इकाई प्रमुख सरोज राजपूत ने आरोपी नेता संजू यादव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। और प्रेस को एक बयान भी जारी किया है। बताया जा रहा है कि संजू यादव एक पूर्व केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि थे।
पुलिस ने हिरासत में लिया
कोतवाली थाने के प्रभारी निरीक्षक पंकज शर्मा ने बताया, ‘यादव को सिविल लाइंस इलाके से उस समय हिरासत में लिया गया जब वह दोपहर में अपने होटल की ओर जा रहे थे।’ पुलिस मामले में यादव की भूमिका की जांच कर रही है। यादव पर यौन उत्पीड़न को छुपाने और दो आरोपियों को अपने होटल में कमरा देने का आरोप है। इन्हीं आरोपियों ने एक साल पहले लड़की के साथ बलात्कार किया था।
लड़की ने दर्ज कराई थी शिकायत
शर्मा ने बताया कि लड़की ने अपने परिवार के साथ शनिवार को आरोपी रोहित साहू और विशाल साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। लड़की का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जबरन यादव के होटल में ले जाकर एक साल पहले बलात्कार किया था। लड़की ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी अश्लील तस्वीरें खींचीं थीं। और उसे ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठ रहे थे। तब से लेकर अब तक उसके साथ बार-बार बलात्कार किया गया।
इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 363 (अपहरण), 366 (अवैध संभोग के लिए बहलाना), और 384 (जबरन वसूली) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
